मुंबई, फ़िल्म संवाददाता। जैसे-जैसे फिल्म ‘बागी़ 3’ के प्रदर्शन की तारीख़ 6 मार्च करीब आ रही है, फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी भी बढ़ती जा रही है। अब इस फिल्म का बहुप्रतीक्षित – ‘दस बहाने 2.0’ गीत भी रिलीज़ हो गया है। गीत का रिएक्रिएटिव वर्ज़न जारी किया गया है। संगीतकार विशाल और शेखर ने इस रिएक्रिएशन के लिये ‘स्वैग से स्वागत’, ‘स्लो मोशन ‘ और ‘एत्थे आ’ जैसे गीतों को प्रोड्यूस करने वाले प्रतिभाशाली मेघदीप बोस पर ही भरोसा जताया है। मेघदीप ने इस भरोसे को कायम रखा है। गीत के रिलीज़ होते ही इसे ज़बरदस्त हिट्स मिलने लगे हैं। माना जा रहा है कि -‘दस बहाने 2.0’ गीत साल 2020 में हर पार्टी में बजने वाला हिट नंबर होगा।

आपको याद दिला दें, 2005 में आई फिल्म दस में – ‘दस’ बहाने करके ले गया दिल गीत अभिषेक बच्चन और ज़ायद ख़ान पर फिल्माया गया था। यही सुपरहिट गीत फिल्म ‘बाग़ी 3’ के लिेये रिक्रियेट किया गया है। गीत को केके,शान और तुलसी कुमार ने आवाज़ दी है। गीत में केके और शान ने जहां अपनी रोमांटिक और शोख़ आवाज़ का पहले की तरह ही दम दिखाया है, वहीं गायिका तुलसी कुमार भी गीत को जवां धड़कनें देने में कामयाब रही हैं। मेघदीप गीत को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं पर सबसे पहले संगीतकार विशाल और शेखर का शुक्रिया अदा करते हैं। वे कहते हैं, ‘मेरे लिये इस गीत का रिएक्रिएशन बेहद चुनौती भरा था। मुझे इस सुपरहिट गीत के पुराने अंदाज़ को बरकरार रखना था, वहीं इसके रिएक्रिएशन में 2020 के मॉर्डन साउंड को क्रिेयेट करना था। मुझे ख़ुशी है, मैं विशाल और शेखर की कल्पना और उनके सृजनात्मक सोच के अनुरूप इस गीत को प्रोड्यूस कर सका।’

इस रिएक्रिएशन पर ख़ुद विशाल डडलानी ने कहा, ‘मेघदीप की ख़ूबी है कि वे अपने सृजन में गीत की आत्मा तक जाते हैं। वे न सिर्फ़ ट्रैडिशनल साउंड को समझते हैं, उसमें आधुनिकता के रंग भरते हैं। वे जानते हैं कहां शोर चाहिये और कहां मौन। विशाल कहते हैं, असल में मेघदीप एक संगीतकार होने के साथ-साथ एक संगीत निर्माता भी हैं, इसलिए वह एक गीत की भावना को पूरी तौर पर अभिव्यक्त करने से जुड़ी ज़रूरतों को समझते हैं, चाहे वो भाव खुशी का हो या फिर उदासी का।’
आपको बता दें, ‘बाग़ी 3’ फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है। इसका निर्देशन अहमद ख़ान ने किया है। फिल्म में एक बार फिर टाइगर श्राफ और श्रद्धा कपूर की जोड़ी परदे पर आ रही है। फिल्म में टाइगर श्राफ़ के सात रितेश देशमुख की जोड़ी पहली बार दर्शक परदे पर देखने वाले हैं। इसके धमाकेदार ट्रेलर के बाद से ही दर्शक टाइगर के एक्शन को देखने के ख़ासे इंतज़ार में हैं। फिल्म की शूटिंग तुर्की,सर्बिया,इज़रायल जैसे देशों में हुई है। जानकारों की माने तो करीब 120 करोड़ की लागत से बनी यह फिल्म इस साल की सुपरहिट फिल्म बनने का पूरा दमख़म रखती है।

