इंदौर स्टूडियो,कला प्रतिनिधि। श्रीराम ताम्रकर द्वारा संपादित ‘हिंदी सिनेमा इनसायक्लोपीडिया’ (HINDI CINEMA ENCYCLOPEDIA) का मुंबई में विमोचन हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, फिल्म अभिनेत्री आशा पारेख, फिल्म अभिनेता और निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी मौजूद थे। मुंबई यूनिवर्सिटी, संस्कार भारती और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम ‘सिने टॉकीज़’ में संपन्न हुआ। इस मौके पर बाहुबली, आरआरआर, बजरंगी भाईजान के लेखक केवी विजयेन्द्र प्रसाद सहित हिंदी और मराठी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग, साहित्यकार और विभिन्न प्रदेशों से आए विद्यार्थी मौजूद थे। बता दें कि यह उपयोगी पुस्तक ख्यात फ़िल्म समीक्षक,लेखक और संग्रहकर्ता स्व.श्रीराम ताम्रकर का सपना थी। कार्यक्रम में उनके पुत्र पत्रकार और फिल्म समीक्षक समय ताम्रकर भी शामिल हुये।
सिनेमा का बेहद उपयोगी संदर्भ ग्रंथ: हिन्दी सिनेमा इनसायक्लोपीडिया में हिंदी सिनेमा के 1300 से ज्यादा कलाकारों, संगीतकारों, निर्देशकों का परिचय है। साथ ही भारत में संचालित हो रहे फिल्म संस्थानों के गठन एवं गतिविधियों का संक्षिप्त परिचय, राष्ट्रीय पुस्कार प्रात फिल्मों की सूची, ऑस्कर अवॉर्ड के लिए भारतीय फिल्म प्रविष्टियां, इंडियन पेनोरमा की फिल्में, 1827 से 2018 तक की टाइमलाइन, पद्मअलंकार, सिनेमा विधा से जुड़ी जानकारियों को दिया गया है। हिंदी में इस तरह की जानकारियों को जुटाने का यह विश्व में शायद पहला और अनोखा प्रयास है।
इनसायक्लोपीडिया के लेखन में लेखक के वर्षों की मेहनत: श्रीराम ताम्रकर ने वर्षों तक फिल्म पत्रकारिता की और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में भी सिनेमा को विषय के रूप में पढ़ाया। उनके अनेक आलेख, इंटरव्यू, फिल्म समीक्षा देश के कई पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए। हिंदी सिनेमा इनसायक्लोपीडिया’ पुस्तक श्रीराम ताम्रकर का सपना थी। हालांकि यह पुस्तक उनके जीवनकाल में प्रकाशित नहीं हो सकी, लेकिन वे ऐसा संदर्भ ग्रंथ दे गए हैं जो आने वाले समय में सिनेमा के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, लेखकों के काम आता रहेगा। इस पुस्तक को लिखने में विनोद तिवारी, सुरेश उनियाल, मनमोहन चड्ढा, डॉ. राजीव श्रीवास्तव, श्याम माथुर, शशिप्रभा तिवारी, डॉ. सोनाली नरगुंदे, ज्योत्सना भोंडवे और समय ताम्रकर का भी योगदान रहा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का मूल्य 900 रुपये है और इस संस्थान की वेबसाइट से यह प्राप्त की जा सकती है।
श्रीराम ताम्रकर संपादित ‘हिन्दी सिनेमा इनसायक्लोपीडिया’ का विमोचन
RELATED ARTICLES

