कला प्रतिनिधि,इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। इंदौर के युवा चित्रकार साहिल लहरी जल्द ही Ted (Technology, Entertainment and Design ) के मंच पर नज़र आने वाले हैं। हाल ही में टेड के लिये उनका इंटरव्यू शूट हुआ है। इस वीडियो इंटरव्यू में वे चित्रकला के अपने सफर पर बातचीत करते नज़र आएंगे। गौर तलब है कि टेड ऐसे लोगों को मंच देता है जिन्होंने नये तौर-तरीकों से आगे बढकर अपने क्षेत्र विशेष में सफलता हासिल की है। ताकि उनके काम को देखकर, उनके बारे में जानकर लोग प्रेरित हो सकें। साहिल इंदौर के एक ऐसे चित्रकार हैं जिन्होंने काफी संघर्ष के बाद अपनी पहचान बनाई है। खुद को स्थापित करने की कोशिश की है। यहां देखिये उनकी ही ज़ुबानी उनके कला सफर के दो दिलचस्प वीडियो।
लाइव पेंटिग के ज़रिये बनाई बड़ी पहचान : साहिल अपने पोट्रेट के लिये बड़ी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने यह पहचान शहर में कई जगहों पर लाइव पोट्रेट बनाते हुई बनाई। देखने वालों की उनके काम को लेकर दिलचस्पी बढ़ी और लोग इस कलाकार से जुड़ते चले गए। अपने इस काम को वो सोशल मीडिया के ज़रिये लोगों तक लगातार पहुंचाते रहे। इस वजह से भी उनकी जल्दी ही बड़ी पहचान बनी। वे पारंपरिक तरीके से काम करने की जगह अलग तरह से काम करते और सोचते हैं।
यह जानना दिलचस्प होगा नागदा, उज्जैन के इस कलाकार का एक वक्त ऐसा भी था जब उन्हें चित्रकला के ज़रिये कुछ भी कर पाना बेहद मुश्किल लगता था। मगर आज साहिल की इंदौर में अपनी आर्ट गैलरीज़ हैं। विजय नगर,इंदौर में उनका अपना स्टुडियो है। जहां वे अपने लगातार कलाकार साथियों के साथ पोट्रेट्स और दूसरे पेटिंग्स पर काम करते हैं।
उनके पास अब काम इतना है कि वे दूसरों को भी काम दे सकते हैं। चित्रकला के क्षेत्र में इंदौर का दिग्गज कला हस्तियों से नाता रहा है। एमएफ हुसैन, एनएस बेंद्रे, डीजे जोशी, गुरूजी विष्णु चिंचालकर से लेकर अखिलेश वर्मा, सिरज सक्सेना, अनीज़ नियाज़ी तक एक लंबी और गौरवशाली परंपरा रही है। कई बड़े नाम हैं। ऐसे में अपने संघर्ष से उबरकर नये तौर-तरीकों के साथ अपना स्थान बनाते इंदौर के इस कलाकार से भी काफी उम्मीदें जगी हैं। उनका ये सफ़र नई बुलंदियों तक पहुंचे, यही कामना की जाना चाहिये।

