इंदौर स्टूडियो। रंगकर्मी और फिल्म अभिनेता टीकम जोशी मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय (एमपीएसडी) के नये निदेशक नियुक्त किये गये हैं। वे अगले तीन वर्षों तक नाट्य स्कूल में अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे। संस्कृति विभाग ने बुधवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किया है। भोपाल से नाता रखने वाले टीकम जोशी की नियुक्ति ने शहर और राज्य के कलाकारों में नया उत्साह भर दिया है। भोपाल टीकम की यादों और कला संस्कारों का शहर रहा है। भारत भवन से उनके भीतर रंग कला का विस्तार हुआ। फिर दिल्ली एनएसडी से उन्होंने स्नातक की उपाधि प्राप्त की। मंच पर याद रह जाने वाले अनेक किरदारों के लिए वे जाने जाते हैं। इनमें अंधायुग,तुगलक,जानेमन,दीवार में खिड़की रहती थी,के स्ट्रेट प्रपोज़ल, बापू आदि याद किये जाते हैं। नाटकों में अभिनय का वे शतक लगा चुके हैं। उन्हें 2009 में संगीत कला अकादमी का बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार मिल चुका है।

