भोपाल,6 नवंबर 2018 (इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम )। राजधानी में हाल ही में ‘त्रिकर्षी’ नाट्य संस्था के धज तले विभा मिश्र स्मृति नाट्य एवं सम्मान समारोह संपन्न हुआ। आयोजन में 5 युवा निर्देशकों सिद्धार्थ दाभाड़े , आदर्श शर्मा , राहुल सिंह , शिवकांत वर्मा और मृदुला भारद्वाज के नाटक मंचित किये गये। 25 से 30 अक्टूबर तक चले छह दिन के इस समारोह में एक अतिथि प्रस्तुति ‘मेरे बाद’ भी सम्मिलित थी। इस नाटक का निर्देशन तारिक दाद ने किया है। 2008 से जारी इस समारोह का यह बीसवां वर्ष था। छह निर्देशकों के इस समारोह में 100 से ज़्यादा कलाकारों ने उत्सव को अपनी रंग प्रतिभा से गुलज़ार किया।शुभारंभ समारोह में दो रंग विभूतियों का सम्मान किया गया। अभिनेत्री और रंगकर्मी डॉ. सविता भार्गव के साथ ही संगीत निर्देशक और वरिष्ठ रंगकर्मी सुरेंद्र वानखेड़े जी को उनके योगदान के लिए वर्ष 2018 के विभा मिश्र स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में त्रिकर्षि ने अपने पिछले नाटकों की तस्वीरों और नाटकों में प्रयोग हुई वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। ( इनपुट : शिवकांत वर्मा )