‘त्रिकर्षी’ के मंच पर अब तक 24 युवा निर्देशकों ने दिखाया कमाल,स्व. विभा मिश्रा स्मृति नाट्य समारोह जारी
RELATED ARTICLES
28 अक्टूबर 2018, इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। स्व. विभा मिश्रा की स्मृति में नाट्य संस्था त्रिकर्षी का 6 दिवसीय नाट्य समारोह 25 अक्टूबर से जारी है। आयोजन की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें पांच नाटकों का निर्देशन त्रिकर्षी रंग समूह से जुड़े युवा निर्देशकों ने ही किया है। संस्थापक केजी त्रिवेदी कहते हैं – ‘अब तक 24 युवा निर्देशक त्रिकर्षी के मंच पर अपने नाटकों को निर्देशित कर चुके हैं। हम उन्हें देखते और परखते हैं और उन्हें निर्देशन का दायित्व सौंप देते हैं। इसके पीछे त्रिकर्षी का मकसद यही है कि रंगमंच के क्षेत्र में ज़्यादा से ज़्यादा युवा आगे आ सकें और इस क्षेत्र को अपनी योग्यता से नई दिशा दे सकें।‘ त्रिवेदी के मुताबिक, 2009 से यह प्रक्रिया शुरू हुई थी। अब तक यह निरंतर जारी है। त्रिकर्षी की इस सोच ने भोपाल की रंगभूमि को नई पौध से सींचने का काम किया है। अब ये युवा निर्देशक भोपाल के रंगमंच की नई आशा बन चुके हैं। तीन दशकों से रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय के जी त्रिवेदी को भोपाल में रंगकर्मी चचा कहकर बुलाते हैं। वे रंगकर्मियों के लोक प्रिय गुरू हैं। नाटकों के अध्यापन से भी जुड़े हैं। यहां हम चचा के इस वीडियो के ज़रिए स्व. विभा मिश्रा नाट्य समारोह को लेकर उनके विचार साझा कर रहे हैं।