इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम। उज्जैन,मध्यप्रदेश के युवा कलाकार इवान ख़ान को वड़ोदरा में दो स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया है। उन्हें अभिनय और निर्देशन में अध्धयन के दौरान श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये दोनों स्वर्ण पदक यहां दीक्षांत समारोह में प्रदान किये गये हैं। होनहार इवान वरिष्ठ थियेटर डायरेक्टर हफ़ीज़ ख़ान के सुपुत्र हैं।
असल में इवान वड़ोदरा के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय के छात्र हैं। उन्हें दोनों ही पदक यहां पर तीन साल तक रंगमंच पाठ्यक्रम के अध्धयन के दौरान उनके अभिनय और निर्देशन में श्रेष्ठतम परफॉरमेंस के लिये प्रदान किये गये हैं। स्वर्ण पदक के यह पुरस्कार श्रीमती उर्मिला मारकण्ड भट्ट एवं कलाकाक्शी स्व. यशवन्त उत्तेकर की स्मृति में दिये जाते हैं। दीक्षांत समारोह में सर सायाजिराओ नगरगृह में यूनिवर्सिटी के वाइस चान्सलर प्रोफेसर परिमल व्यास की मौजूदगी में वड़ोदरा की महारानी श्रीमती गायकवाड़ के कर कमलों द्वारा प्रदान किया गया! वड़ोदरा की रानी ने उन्हें दोनों पदक देने के साथ ही थियेटर में उन्हें स्नातक की डिग्री भी प्रदान की। इवान की उपलब्धि एक कीर्तिमान है और यह मध्यप्रदेश के कला जगत के लिये भी उपलब्धि की बात है। उज्जैन अपने इस सपूत पर गर्व कर सकता है।
आपको बता दें, इवान ख़ान उज्जैन के ही सीनियर थियेटर डायरेक्टर हफ़ीज़ ख़ान के सुपुत्र हैं। हफ़ीज़ ख़ान विगत करीब 40 सालों से रंगमंच के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे देश भर में डेढ़ सौ से ज़्यादा बच्चों की कार्यशालाओं का अनुभव रखते हैं। कई नाटकों का उन्होंने निर्देशन किया है। वे थियेटर इन एजुकेशन,एनएसडी,दिल्ली के संस्थापक सदस्य भी हैं। ज़ाहिर है इवान रंगमंच के क्षेत्र में उनकी विरासत को आगे बढ़ाएंगे। हफ़ीज़ ख़ान के दूसरे बेटे औवेस भी थियेटर का अध्ययन कर रहे हैं।

