विशेष प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। इंदौर में वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स, लंदन द्वारा अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें भारत के साथ ही विदेशों से पधारे 40 प्रतिभाशाली रिकॉर्डधारियों का उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिये सम्मान किया गया। उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स, लंदन का प्रमाणपत्र और मैडल प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में अमेरिका, यूरोप, दुबई और ऑस्ट्रेलिया प्रतिभाशाली अतिथि शामिल हुए। समारोह का संचालन, अतिथि परिचय और रिकॉर्डधारकों के योगदान की जानकारी वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स, लंदन के अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट श्री संतोष शुक्ल ने दी।
योग्य व्यक्ति का चयन आसान नहीं: कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि, हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वीएस. कोकजे शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा, योग्य व्यक्ति या संस्था को चुनकर उन्हें सम्मानित करने का आसान काम नहीं है। वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स, लंदन ने ना केवल भारत में वरन् विश्व में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। श्री कोगजे ने सम्मानित हुए सभी रिकॉर्डधारकों को बधाई दी, साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
भारत उन्नत धरोहरों वाला देश: इस अवसर पर अपने सम्बोधन में संस्कृति मंत्रालय के सदस्य, डॉ. भरत शर्मा ने कहा – ‘भारत सर्वाधिक युवाओं वाला देश ही नहीं बल्कि विश्व की सबसे उन्नत सांस्कृतिक धरोहर, शिक्षा और विरासतों वाला देश है। यह हम सभी के गर्व करने की बात है। हमारे यहाँ संस्कार और जीवन मूल्य की शिक्षा गुरूओं के साथ घरों में दी जाती है। हमारे देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान करना और दूसरों को प्रेरित करने के लिए एक उदाहरण स्थापित करने का श्रेय वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स, लंदन को जाता है।
कर्मशीलता ही विकास की पटरी: मुंबई से पधारे मारवाह प्रॉडक्शन और एफएएआई के संस्थापक डॉ. संदीप मारवाह ने समाज को विकास की पटरी पर लाने के लिए, कर्मशील होने की प्रेरणा दी। चेन्नई से पधारे पुलिस महानिदेशक आईपीएस. डॉ. संदीप मित्तल ने वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स के इस कार्यक्रम की प्रशंसा की। ख्यात कवि डॉ. राजीव शर्मा ने देश प्रेम और देश भक्ति से भारत के सार्थक भविष्य पर प्रकाश डाला।
फ़िल्मी कलाकारों के चयन की प्रशंसा: मुंबई से पधारे लेखक, संगीतकार उस्मान पटेल ने बॉलीवुड के चुनिंदा कलाकारों का संस्था द्वारा सम्मानित किये जाने के प्रति आभार जताया। दुबई से पधारे जितेंद्र मतलानी ने यूएई में बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स, लंदन द्वारा किए गये कार्यक्रमों की जानकारी दी। ऑस्ट्रेलिया से पधारे उद्योगपति अमित शर्मा ने कोविड महामारी के दौरान विदेश में फँसे भारतीयों को भारत वापस भेजने के लिए 21 फ्लाइट के रिकॉर्ड संचालन का ज़िक्र किया। उन्होंने बताया, उनकी संस्था ने ऑस्ट्रेलिया के शहरों में फँसे भारतीयों को बिना शुल्क लिये उन्हें वहाँ से निकालने के लिये अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार सुश्री सुचिता शुक्ला ने माना। आगे पढ़िये –
https://indorestudio.com/father-of-amul-girl-sylvester-da-kunha-ki-yadgar-hai-kahani/

