Wednesday, November 18, 2026
Homeटॉप स्टोरीज़पुणे में 'वामा' के मंच पर रवींद्रनाथ ठाकुर, श्वेता सेन की अनूठी...

पुणे में ‘वामा’ के मंच पर रवींद्रनाथ ठाकुर, श्वेता सेन की अनूठी प्रस्तुति

पद्मश्री शेखर सेन एक प्रतिष्ठित संगीतकार, कथाकार और अभिनेता हैं। उन्हें हम मंच पर सुरदास-तुलसी-कबीर-विवेकानंद की एकल प्रस्तुतियों के लिये जानते हैं। उनकी पत्नी श्वेता सेन वर्षों तक उनके इस कला सफ़र में साथ रही हैं। सृजनात्मक रूप से उनके काम को प्रबंधित करती रही हैं। अब वे खुद भी ‘वामा’ नाम की संस्था के माध्यम से विविध रचनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रही हैं। तीन साल से उनके सृजनात्मक सफर का यह सिलसिला जारी है। हाल ही में उनकी संस्था ‘वामा’ ने गुरूदेव रवींद्रनाथ ठाकुर पर केंद्रित ‘श्रुति नाट्य‘ की प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के विषय में उनसे इंदौर स्टूडियो के संस्थापक संपादक शकील अख़्तर ने बातचीत की। साथ ही यह जानने की कोशिश की कि उनकी संस्था किस तरह से महिला सदस्यों के साथ मिलकर इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रही है?श्वेता जी, पुणे में ‘वामा’ संस्था की शुरुआत कैसे हुई? इसकी मूल संकल्पना क्या है?
– ‘वामा’ का मुख्य कॉन्सेप्ट यही है कि अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रही या घरेलू जीवन में व्यस्त महिलाओं के भीतर जो प्रतिभाएं दबी रह जाती हैं, उन्हें बाहर लाया जाए। वे अपने दैनिक कामकाज से बाहर निकलकर अपनी कला को पहचानें और लोगों के सामने प्रस्तुत करें। इंदौर वामा (जिसकी अध्यक्ष पद्मा राजेंद्र जी हैं) से जुड़ी जया सरकार जी जब हमारे यहां पुणे आईं, तो उनके सुझाव पर हमने अनुमति लेकर इसकी शुरुआत की। हम हर महीने मिलते हैं और किसी एक विषय पर कहानी, कविता, गीत, नाटक या डांस के ज़रिए अपनी प्रस्तुति देते हैं। A scene from the audio play *Rabindranath Tagore*, written and directed by Shweta Sen. A special conversation by Shakeel Akhter for Indore Studio.हाल ही में आपने रवींद्रनाथ ठाकुर के जीवन पर एक विशिष्ट प्रस्तुति दी। यह विचार कैसे आया और इसका स्वरूप ‘श्रुति नाटक’ ही क्यों रखा?
– मुझे ठाकुर की कहानियां पढ़ने का हमेशा से शौक रहा है। उनकी कहानियों के महिला पात्र बहुत सशक्त हैं। उनका जीवन और काम इतना विशाल है कि उसे समेटना मुश्किल था। इसलिए मैंने उनके जीवन के 18 वर्ष की उम्र से लेकर 52-53 वर्ष (जब उन्हें नोबेल मिला) तक के काल खंड को लिया। शुरुआत में मैंने इसे एक कहानी के रूप में लिखा था। चूकि सभी महिलाएं व्यस्त रहती हैं और पूर्णकालिक नाटक के लिए समय निकालना मुश्किल था, इसलिए हमने इसे ‘श्रुति नाटक’ के रूप में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया, जिसका चलन बंगाल में काफी है।A scene from the audio play *Rabindranath Tagore*, written and directed by Shweta Sen. A special conversation by Shakeel Akhter for Indore Studio.क्या आप इस प्रस्तुति के कथ्य के बारे में कुछ बता सकती हैं?
– इसमें हमने गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर के नोबेल पुरस्कार पाने तक के सफर में उनकी निजी, सामाजिक और उस वक्त के राजनीतिक हालात के प्रभावों को बताने की कोशिश की है। कहानी आरंभ होती है, वहां से जब 18 वर्ष का रवि लंदन से कलकत्ता वापस आता है। उसके बाद जीवन में अनेक उतार-चढ़ाव से गुजरते हुए ‘जन गण मन’ की रचना एवं नोबेल पुरस्कार मिलने पर उनकी प्रतिक्रिया पर कहानी खत्म होती है। हर दृश्य में आवश्यकतानुसार उनके रचे गीत और नृत्य को पिरोया गया है।A scene from the audio play *Rabindranath Tagore*, written and directed by Shweta Sen. A special conversation by Shakeel Akhter for Indore Studio. इस श्रुति नाटक को आपने मंच पर कैसे साकार किया? क्या इसमें दृश्यों का भी प्रयोग हुआ?
– जी, बिल्कुल। श्रुति नाटक में दो नैरेटर (सूत्रधार) होते हैं जो कहानी का वर्णन करते हैं, और पात्र आपस में संवाद बोलते हैं। हमने हमारे परिसर ‘लोधा बेलमोंडो’ (पुणे) के मिनी ऑडिटोरियम में इसका मंचन किया, जहाँ स्क्रीन पर स्लाइड प्रोजेक्शन का भी उपयोग किया गया ताकि दर्शक कहानी से और गहराई से जुड़ सकें। नाटक के संवाद मैंने ही लिखे हैं। सभी चरित्र हमारी महिला कलाकारों ने ही निभाए, यहाँ तक कि देवेन्द्रनाथ और दिनेन्द्रनाथ ठाकुर जैसे पुरुष पात्रों का अभिनय भी महिलाओं ने ही किया।A scene from the audio play *Rabindranath Tagore*, written and directed by Shweta Sen. A special conversation by Shakeel Akhter for Indore Studio.A scene from the audio play *Rabindranath Tagore*, written and directed by Shweta Sen. A special conversation by Shakeel Akhter for Indore Studio...और यह सब आप और आपकी साथी सदस्यों ने किया ?
– हां। इसका लेखन और निर्देशन तो मैंने ही किया है, लेकिन वाचिक अभिनय क्रमश: जया सरकार, अंतरा सिंह, शीतल रंजन, ज्योति सिन्हा, मधुरिमा रंजन, शेफाली अम्बष्ट, संध्या गोयल, स्वाति सागर, माया कापटकर है। नृत्य स्वाति सागर और शीतल रंजन प्रस्तुत करती हैं। सूत्रधार की भूमिका मैं खुद और मीना कर्दले जी होती हैं। इसके पार्श्व संगीत में हमें शेखर सेन जी का सहयोग मिला है। पार्श्व संगीत के संयोजन और स्लाइड प्रोजेक्शन में हमें विजय सरोज और सौरभ सेन का साथ मिला।Shweta Sen. शेखर सेन जी के साथ आपकी अपनी कलात्मक पृष्ठभूमि क्या रही है?
–  मेरे परिवार का साहित्य और कला से शुरू से ही जुड़ाव रहा है। मेरे पिता ट्राइबल वेलफेयर डिपार्टमेंट में जॉइंट डायरेक्टर थे। मेरी शुरुआती शिक्षा (छठवीं कक्षा तक) कलकत्ता में हुई और उसके बाद स्कूल-कॉलेज की पढ़ाई भोपाल में। मैंने पढ़ाई के साथ-साथ नाच, गाना और चित्रकारी भी सीखी और सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेती रही। 1987 में भोपाल में शेखर जी से विवाह के बाद इस क्षेत्र में एक्सपोज़र और बढ़ा। मैं उनके कार्यक्रमों की डिजाइनिंग और प्रेजेंटेशन में मदद करती रही। उसी अनुभव और कलात्मक दृष्टि ने आज ‘वामा’ के इन कार्यक्रमों को रूप देने में मदद की है। श्वेता जी ने बताया, उन्हें ख़ुशी है कि उनके इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात नृत्यांगना और शिक्षाविद श्रीमती शर्मिला मजुमदार शामिल हुईं। Sharmila Majumdar was the Chief Guest at the presentation of the audio play *Rabindranath Tagore*, written and directed by Shweta Sen.

आइये जानते हैं श्रुति नाटक और इसकी परंपरा के बारे में: श्रुति नाटक (ऑडियो या श्रव्य नाटक) रंगमंच की एक ऐसी अनूठी विधा है जिसमें दृश्य, वेशभूषा, सेट या शारीरिक अभिनय के बजाय सारा ज़ोर केवल आवाज़ के उतार-चढ़ाव, संवाद अदायगी और ध्वनि प्रभावों (sound effects) पर होता है; अर्थात् यह देखने के लिए नहीं बल्कि ‘सुनने’ के लिए होता है। बंगाल में इस विधा की जड़ें बहुत गहरी और ऐतिहासिक रही हैं, जहाँ इसे पहले रेडियो, फिर ऑडियो कैसेट-सीडी और अंततः मंच पर बैठकर स्क्रिप्ट पढ़ने (लाइव स्टेज रीडिंग) के रूप में अपार लोकप्रियता मिली। इस श्रव्य परंपरा को सींचने और इसे घर-घर तक पहुँचाने में सबसे बड़ी और ऐतिहासिक भूमिका ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी), कोलकाता संस्था की रही है, जिसने इसे एक सशक्त माध्यम बनाया। late Shambhu Mitra अगर व्यक्तियों की बात करें तो महान रंगकर्मी शंभू मित्रा और तृप्ति मित्रा द्वारा आवाज़ के माध्यम से रिकॉर्ड किए गए नाटकों (जैसे ‘रक्त करबी’) ने इसे नई कलात्मक ऊँचाइयाँ दीं, लेकिन श्रुति नाटक को मंच पर एक स्वतंत्र और बेहद लोकप्रिय कला के रूप में स्थापित करने का सबसे बड़ा श्रेय जगन्नाथ बसु और उर्मिमाला बसु की प्रतिष्ठित जोड़ी को जाता है, जिनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने न सिर्फ बंगाल बल्कि देशभर के कला प्रेमियों के बीच इस विधा को लोकप्रिय बना दिया। आगे पढ़िये – रंगमंच पर स्वरूप संपत की वापसी, अनुपम खेर के साथ ‘जाने पहचाने अनजाने’ https://indorestudio.com/jaane-pehchaane-anjaane-play-swaroop-sampat-anupam-kher/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास