इंदौर स्टूडियो डॉट कॉम। होटेल अक्षत रेसीडेंसी, इंद्रवती नाट्य समिति तथा ट्रांसफ़्रेम द्वारा आयोजित प्रथम विंध्य इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल मध्य प्रदेश (VIFFMP) के पहले संस्करण का भव्य समापन और पुरस्कार वितरण समारोह दिनांक 23 दिसंबर को वैष्णवी गार्डेन, सीधी में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि श्री अखिलेंद्र मिश्रा, फ़िल्म महोत्सव के ज्यूरी मेम्बर श्री गिरिजा शंकर जी, डॉ अनूप मिश्रा व इंजी आर बी सिंह जी का भव्य स्वागत- बकवा से आए लोककलाकारों ने गुदुम्ब बाजा से किया।
महोत्सव में देश-विदेश से आए फ़िल्म निर्देशकों ने शिरकत की जिनमें इटली के डॉक्युमेंटरी फ़िल्ममेकर क्रिस्चानो, केरल से अनूप ओमेन, महाराष्ट्र से चेतन पडोले, अरुणाचल से नरेश ग्लो, असम से के के नाथ, मुंबई से सिद्धार्थ चाणक्य आदि शामिल थे। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात शुभांगी व वैष्णवी मिश्रा ने गीत प्रस्तुत किया। इस फ़िल्म महोत्सव के निर्देशक प्रवीण सिंह चौहान ने समारोह में आए सभी अथितियों, फ़िल्म निर्देशकों, दर्शकों और सहयोगियों का स्वागत किया। स्वागत के बाद फ़िल्म महोत्सव से पूर्व सात दिवसीय फ़िल्म निर्माण कार्यशाला में सम्मिलित प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इसके पश्चात मुख्य पुरस्कार वितरण किया गया।
110 फिल्मों का प्रदर्शन : विंध्य अंतर्रष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव में 46 देशों से 350 फ़िल्मों ने भाग लिया था जिनमें से 110 फ़िल्में प्रदर्शन के लिए चयनित हुई और उनमें से 28 फ़िल्मों को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिया गया। ईरान की आर यू वोलीबॉल, भारत की दि वॉलेट को सर्वश्रेष्ठ लघु फ़िल्म, ईरान की फ़िनिश लाइन व भारत की भानुदास एकनाथ को सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र का पुरस्कार प्राप्त हुआ। असम की दि बॉ विथ अ गन को सर्वश्रेष्ठ ट्राइबल लघुफ़िल्म, अरुणाचल की दि इंक्रिडिबल बगुन को सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र का पुरस्कार प्राप्त हुआ।
दी पोस्टमैन को स्पेशल ज्यूरी पुरस्कार : इटली के वृत्तचित्र निर्देशक क्रिस्चानो एसपीसितो को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र निर्देशक और उनकी वृत्तचित्र दी पोस्टमैन को स्पेशल ज्यूरी पुरस्कार प्राप्त हुआ। पुरस्कार वितरण के पश्चात महोत्सव के सभी सहयोगियों को स्मृतिचिन्ह प्रदान किया गया। फ़िल्म महोत्सव के ज्यूरी श्री गिरिजा शंकर सर ने फ़िल्म के चयन प्रक्रिया और महोत्सव के बारे में चर्चा की। महोत्सव के आयोजक डॉ अनूप मिश्रा ने बताया कि किस तरह इस महोत्सव की रूपरेखा बनी और आयोजन किया गया। उन्होंने इस आयोजन को अगले वर्ष और बेहतर और बड़ा बनाने की बात कही। मुख्य अतिथि श्री अखिलेंद्र मिश्रा ने महोत्सव के संयोजक नीरज कुंदेर की सराहना करते हुए कहा कि सीधी जैसे शहर में ऐसा महोत्सव करना असंभव प्रतीत होता था लेकिन नीरज और उनकी टीम ने इसे संभव बनाया है। इस महोत्सव ने देश भर के लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। इस उद्बोधन के पश्चात इंजी आर बी सिंह जी ने सभी का धन्यवाद किया। महोत्सव का संचालन विंध्या टाइम के संपादक अमित मिश्रा तथा सृष्टि श्री वर्मा ने किया। सीधी शहर के मीडिया परिवार व दर्शकों ने महोत्सव में काफ़ी उत्साह दिखाया और बढ़-चढ़ हिस्सा लिया। इस महोत्सव के प्रमुख प्रायोजक, वैष्णवी गार्डेन, मधुसूदन ग्रूप, अनिल इंटरप्राइसेस, जे सिंह अकैडमी, विंध्या टाइम्स, न्यूज़हो तथा गांधी डेंटल क्लिनिक थे।
लवी धुर्वे की छायाचित्र प्रदर्शनी भी रही दर्शकों के आकर्षण का केंद्र : फ़िल्म महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन इंदौर की छायाचित्रकार सुश्री लवी धुर्वे की मोबाइल कैमरे द्वारा ली गयी छाया चित्रों की प्रदर्शनी लगायी गयी जिसने महोत्सव में आए सभी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। इन छायाचित्रों में मानवीय भावनाओं की झलक देखने को मिली।

