इंदौर स्टूडियो डॉट कॉम। विंध्य इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल मध्य प्रदेश (VIFFMP) के दूसरे दिन 22 दिसंबर की शुरुआत इटली के डॉक्युमेंटरी फ़िल्ममेकर क्रिस्चानो स्पिसितो की डॉक्युमेंटरी फ़िल्म दि पोस्टमैन, और केरल के फ़िल्ममेकर अनूप ओमेन की शॉर्ट फ़िल्म ‘दि लिटिल रिडिल’ के प्रदर्शन से हुआ। उसके बाद विवेक सिंह चौहान ने दोनो फ़िल्म निर्देशकों से टॉक विथ डायरेक्टर सेशन में बात-चीत की।
सेशन में डॉ अनूप मिश्रा, इंजी आर बी सिंह, सुनील भूर्तिया भी शामिल थे। इसके बाद भारत, जॉर्डन, इटली, नीदरलैंड, रोमानिया, साउथ अफ़्रीका स्पेन सहित की 25 फ़िल्मों का प्रदर्शन किया गया। अंत में आयोजन के दूसरे दिन को सफल बनाने हेतु इस महोत्सव के सहयोगियों डॉ अनूप मिश्रा, विवेक सिंह चौहान, डॉ महमूद रज़ा, सुनील भूर्तिया, नितेश गुप्ता तथा समस्त सीधी मीडिया परिवार और दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया।
फ़ीचर फ़िल्म से शुरुआत : फ़ेस्टिवल के डायरेक्टर प्रवीण सिंह ने जानकारी दी कि महोत्सव के तीसरे दिन की शुरुआत सुबह 10 बजे हिंदी फ़ीचर फ़िल्म नेम प्लेट से होगी तथा समापन शॉर्ट फ़िल्म नियति से होगी। शाम 4 बजे से पुरस्कार वितरण समारोह होगा जिसमें ज्यूरी श्री गिरिजा शंकर तथा अजीत राय द्वारा चयनित फ़िल्मों को पुरस्कृत किया जाएगा। समारोह के विशिष्ट अतिथि मशहूर अभिनेता श्री अखिलेंद्र मिश्रा रहेंगे।
फ़ोटोग्राफ़ी प्रदर्शनी : फ़ेस्टिवल के तीसरे दिन इंदौर की अवॉर्ड प्राप्त फ़ोटोग्राफ़र लवी धुर्वे की फ़ोटोग्राफ़्स की प्रदर्शनी भी लगायी जाएगी जिसमें मध्य प्रदेश के अलग-अलग रंग नज़र आएँगे।

