Wednesday, May 13, 2026
Homeकला रंगवहीदा रहमान को दादा साहब फालके लाइफ़ टाइम एचिवमेंट पुरस्कार

वहीदा रहमान को दादा साहब फालके लाइफ़ टाइम एचिवमेंट पुरस्कार

सिने प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुप्रसिद्ध अभिनेत्री वहीदा रहमान को वर्ष 2021 के दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किये जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा में वहीदा रहमान के शानदार योगदान के लिए इस पुरस्कार की घोषणा करते हुए उन्हें बेहद खुशी और सम्मान महसूस हो रहा है।प्रधानमंत्री ने पुरस्कार पर दी बधाई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित होने पर बधाई दी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने कहा है कि भारतीय सिनेमा में उन्होंने एक अमिट छाप छोड़ी है। प्रतिभा, समर्पण और शालीनता की प्रतीक, वे हमारे सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ विरासत हैं।विविध भूमिकाओं से अर्जित की ख्याति: अनुराग ठाकुर ने इस बात को रेखांकित किया कि वहीदा रहमान ने प्यासा, कागज के फूल, चौदहवी का चांद, साहेब बीवी और गुलाम, गाइड, खामोशी और कई प्रमुख हिंदी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए बेहद ख्याति अर्जित की है। पाँच दशकों से भी ज्यादा लंबे अपने करियर में उन्होंने अपनी भूमिकाओं को बेहद कुशलता से निभाया। फिल्म ‘रेशमा और शेरा’ में उनकी उत्कृष्ट भूमिका के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया। पद्म श्री और पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित वहीदा जी ने भारतीय नारी के समर्पण, प्रतिबद्धता और शक्ति का दृष्टांत प्रस्तुत किया है, जो अपनी कड़ी मेहनत के बल पर पेशेवर उत्कृष्टता का उच्चतम स्तर हासिल कर सकती है। एक अभिनेत्री का सच्चा सम्मान: नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित होने के तुरंत बाद श्री ठाकुर ने इस पुरस्कार की घोषणा की। उन्होंने कहा, “ऐसे समय में जब ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद द्वारा पारित किया गया है, उन्हें इस लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाना, भारतीय सिनेमा की अग्रणी महिलाओं में से एक के प्रति सच्चा सम्मान है, जो फिल्मों के बाद अपना जीवन परोपकार और समाज की भलाई को समर्पित कर चुकी हैं।” यह पुरस्कार 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दादा साहब फाल्के पुरस्कार चयन समिति में आशा पारेख, चिरंजीवी, परेश रावल, प्रसेनजीत चटर्जी और शेखर कपूर जैसी सिने हस्तियां शामिल हैं।वहीदा रहमान ने ढेरों पुरस्कार जीते: अपने अभिनय कौशल से वहीदा रहमान ने ढेरों पुरस्कार जीते। उन्होंने गाइड (1965) और नील कमल (1968) में अपनी भूमिकाओं के लिए फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार जीता। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार (1971) भी जीता और 1972 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया। बाद में 2011 में उन्हें पद्म भूषण से अलंकृत किया गया। वहीदा रहमान ने अपने पांच दशक से लंबे करियर में 90 से अधिक फिल्मों में काम किया है। आगे पढ़िये –

न हिन्दू न मुसलमान, भारतीय फ़िल्मों की धरोहर वहीदा रहमान

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

जावेद अहमद शाह ख़ान "अल-हिंदी" on रंगमंच की नई उड़ान…सौम्या व्यास