इंदौर,26 मई (कला प्रतिनिधि)। इंदौर के युवा चित्रकार साहिल लहरी ने कहा है कि शहर में उनकी वॉटर कलर पेंटिंग की लाइव वर्कशॉप्स जारी रहेंगी। शहर के दूसरे प्रमुख स्थानों पर भी यह इस तरह की वर्कशॉप्स लगाईं जाएंगी। फिलहाल 56 दुकानों के पास मौजूद आर्ट स्टुडियो में यह वर्कशॉप जारी है जिसमें चित्रकला के विद्यार्थी वॉटर कलर पेंटिंग्स के गुर सीख रहे हैं। हर रविवार को यह वर्कशॉप लगाई जा रही है। 26 मई को इसकी तीसरी वर्कशॉप लगाई गई है। खास बात यह है कि साहिल इस वर्कशॉप में नि:शुल्क प्रशिक्षण देते हैं। वे चित्रकला के विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव शेयर करते हैं।

साहिल ने कहा, मैं पिछले दस साल से वॉटर कलर पेंटिग्स कर रहा हूं, इस तरह की पेंटिंग बनाने में मैंने जो कुछ भी सीखा है, प्रयोग किये हैं, मैं नये साथियों के साथ वो अनुभव बांटता हूं। ताकि वे भी आसानी से इस कला के बारे में जान सकें। उन्होंने बताया कि गर्मी के दिनों में चूंकि जल रंग बहुत जलती सूखते हैं, इसलिये इन दिनों चित्रकला के विद्यार्थी इसमें खास दिलचस्पी रखते हैं।


साहिल ने कहा, वे नये कलाकार साथियों को इस विधा की तकनीकी बारीकियां तो बताते ही हैं, उन्हें इसके मटैरियल के बारे में भी बताते हैं। वर्कशॉप में शहर के सिद्धहस्त कार्टूनिस्ट इस्माइल लहरी ने भी क्लासेस ली हैं। उन्होंने भी छात्र-छात्राओं को वॉटर कलर के बारे में बताया। यहां हम वर्कशॉप इन दोनों कलाकारों के काम को भी पब्लिश कर रहे हैं।

