रायपुर,15 मई (कला प्रतिनिधी )। सआदत हसन मंटो की जयंती पर उनकी कहानियों पर आधारित दो नाटकों ‘बादशाहत का खात्मा’ और ‘बीमार’ का नगर में मंचन किया गया। एक में रांग नंबर से शुरू हुई इश्क की दास्तां थीं तो दूसरे में मुफ़्त की सलाहों से बीमार का हाल। छत्तीसगढ़ फिल्म एण्ड विजुअल आर्ट सोसाइटी ने वृंदावन हॉल में इन नाटकों का प्रदर्शन किया। दोनों ही प्रस्तुतियों में कलाकारों के अभिनय और निर्देशन की दर्शकों ने तारीफ की।

रांग नंबर से शुरू हुई प्रेम कहानी
पहला नाटक ‘बादशाहत का खात्मा’ दो ऐसे प्रेमियों की कहानी है जिनकी दोस्ती और मुहब्बत की शुरूआत रांग नंबर से होती है। बेशक उनका प्यार परवान चढ़ने से पहले ही खत्म भी हो जाता है। नाटक में एक अंजाने अनदेखे इंसान से बात कर अपना अकेलापन दूर करने के वाली महिला का अचानक मौत हो जाना दर्शकों को सोचने के लिए मजबूर कर देता है।मंटो की कहानी ‘बादशाहत का खात्मा’ का नाट्य रूपांतरण नाट्य लेखक अख्तर अली ने किया। निर्देशक रचना मिश्रा ने मिर्जा गालिब की गजलों का भी इस्तेमाल किया। नाटक में प्रमुख भूमिकाएं निभाने वाले क्रांति दीक्षित और शैल सोनी ने अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता।

मुफ्त की सलाहों से बीमार का बुरा हाल
‘बीमार’ नाटक उस मरीज़ की कहानी पर था जिसमें उसे लोग मुफ्त सलाह देने लगते हैं। ऐसी सलाहों से मरीज़ का हाल और भी बुरा हो जाता है। नाटक में कुमार को जुकाम हो जाने पर नौकर उसे गलत मेडिसीन दे देता है। इसके बाद कुमार की तबियत बिगड़ जाती है। अब इसके बाद आने जाने वाले मुफ्त का ज्ञान देने लगते हैं।

ऐसी-ऐसी सलाहें और नुस्खे देते हैं कि जिन्हें वो आजमाकर वो और अधिक बीमार और परेशान हो जाता है। नाटक में साकेत साहू ने बीमार मरीज़ की मुख्य भूमिका निभाई, उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। नाटक में रवि शर्मा,हेमंत यादव, धीरेन्द्र गिरी गोस्वामी, मोनिका जैन, कौशल विश्वकर्मा, भुवन साहू, अनुभव मोती, अलका दुबे, केदार पटेल, अभिषेक मोती, नरेश साहू, मनीषा दुबे ने भी भूमिकाएं की।
( इंदौर स्टुडियो डॉट कॉम https://indorestudio.com/ कलाकारों और कला गतिविधियों की वीडियो वेबसाइट है। इस वेबसाइट पर आप अपनी कला गतिविधियों के वीडियो ,सूचनाएं ,खबरें हमें indorestudio@gmail.com पर ई मेल कर सकते हैं। अपने शहर,कस्बे,गांव से जुड़े कलाकारों और कला आयोजनों की जानकारियां, वीडियो, उपलब्धि हमसे शेयर कर सकते हैं। हमसे जुड़ने के लिये अपने सुझाव भेज सकते हैं। – टीम इंदौर स्टुडियो। )

