कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। विवेचना के 32वें राष्ट्रीय नाट्य समारोह के चौथे दिन सांझ बाती फाउंडेशन दिल्ली द्वारा नाटक ‘द प्राइस’ का मंचन किया गया। यह नाटक अभिनेता सुंदरलाल छाबड़ा के बेमिसाल अभिनय के लिए याद किया जाएगा। नाटक परिवार में रिश्तों की बुनावट और उनके उलझाव पर यह नाटक बहुत सटीक बात करता है।
इसमें दो भाइयों के बीच तनाव और उसे सुलझाने के लिए बड़े भाई की पत्नी का समन्वय शानदार है। उसी में एक वेल्यूअर सरदार जी का प्रवेश नाटक को बहुत रोचक बना देता है। नाटक में अभिनेता सुंदरलाल छाबड़ा का यादगार अभिनय है। ‘द प्राइस’ नाटक को सन् 2026 के त्रिवेणी थिएटर फेस्टिवल का बेस्ट प्ले का अवार्ड मिला है। यह नाटक ‘भारत रंग महोत्सव’ में भी हुआ है।
‘द प्राइस’ के लेखक अमेरिकी नाटककार आर्थर मिलर हैं। नाटक का हिंदी अनुवाद शुद्धो बैनर्जी ने किया है। नाटक का परिवेश भारतीय है। इसकी कहानी एक पुराने घर और पुराने फर्नीचर के इर्द-गिर्द घूमती है। घर को तोड़ा जा रहा है, इसलिए उन्हें बेचा जाना है। घर और उसके मालिक (जो अब गुज़र चुके हैं) की देखभाल उनके बेटे विजय ने की थी, जबकि छोटा बेटा संजय अपने करियर के सपनों के लिए उन्हें छोड़कर चला गया था।
विजय एक पुलिस अधिकारी है जो आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, और संजय एक बहुत अमीर डॉक्टर है। दोनों भाई 16 साल बाद मिल रहे हैं। इस दौरान उनके रिश्तों में काफी दूरियां आ गई हैं। यह नाटक बार-बार परिवार के अतीत में ले जाता है और पुरानी यादों को ताज़ा करता है। दोनों भाइयों के बचपन को याद करता है, जब मां और पिता साथ थे।
नाटक में पहले दृश्य में विजय और विजय की पत्नी पुराने घर में आते हैं और पुराने दिनों को याद करते हैं। विजय ने वेल्यूअर और फर्नीचर खरीदने वाले चड्ढा जी को बुला रखा है। चड्ढा जी का अद्भुत चरित्र सुंदरलाल छाबड़ा ने बनाया है। बूढ़े सरदार के रोल में उनकी चाल-ढाल और बातचीत गज़ब ढाती है। थोड़ी देर में 16 साल बाद छोटे भाई का प्रवेश होता है। इसके बाद नाटक दोनों भाइयों की बातचीत के बीच घूमता है। झगड़ा प्रॉपर्टी और उसके दाम के बंटवारे का है।
बातचीत में बार-बार कई उतार-चढ़ाव आते हैं। इससे दोनों भाइयों का विवाद नया रूप लेता है। नाटक रिश्तों में गहरे जुड़ाव और उन मूल्यों की ज़रूरत को दिखाता है जो पूंजीवाद, पैसे की सोच, लालच और महत्वाकांक्षा के कारण खत्म होते जा रहे हैं। भाइयों की बातचीत से दोनों के मन की गांठें खुलती हैं। नई सच्चाइयां बाहर आती हैं। छोटा भाई कहता है कि हमारे बीच कोई झगड़ा नहीं है। मुझे कोई पैसा नहीं चाहिए। वह रिटायरमेंट के बाद बड़े भाई के लिए नौकरी की पेशकश भी करता है। वह प्रॉपर्टी के दाम अधिक मिल जाएं, इसका एक रास्ता भी सुझाता है। बार-बार विजय की पत्नी दोनों के बीच समन्वय बनाती है।
मानव मन भी कुछ अजीब है। वह सीधी बात में भी षड्यंत्र खोजता है और सच्चाई को स्वीकार करने के बजाय अपने विश्वास को तरजीह देता है। अंत में छोटा भाई चला जाता है। नाटक में प्यार, असुरक्षा, स्वार्थ, अविश्वास, प्रेम और घृणा सब आपस में गुथे हुए हैं। आर्थर मिलर ने अमेरिकी समाज को ध्यान में रखकर उस समय यह नाटक लिखा है, परंतु शुद्धो बैनर्जी ने इसका अनुवाद और भारतीय रूपांतर करते हुए उसे पूरी तरह भारतीय समाज का आईना बना दिया है।
नाटक में एक पुराने बंद पड़े घर का सेट है। सामान बेतरतीब बिखरा पड़ा है। उसी में कहीं सितार है, कहीं ग्रामोफोन है। नाटक में संगीत का बहुत बेहतरीन इस्तेमाल किया गया है। नाटक में कुल चार पात्र हैं। शुद्धो बैनर्जी – विजय, नंदिनी बैनर्जी – अनीता, सुंदरलाल छाबड़ा – सुंदरलाल चड्ढा और विपिन कुमार – संजय के रूप में थे। नाटक में शुद्धो बैनर्जी के कल्पनापूर्ण निर्देशन की छाप स्पष्ट दिखाई देती है। विपिन कुमार और नंदिनी बैनर्जी ने अपने रोल बहुत यादगार तरीके से निभाए हैं। नाट्य समारोह के चौथे दिन की इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब पसंद किया। चारों पात्रों ने अपने चरित्रों को बहुत कुशलता से निभाया। अभिनय और संवाद केंद्रित इस नाटक ने दर्शकों को बहुत प्रभावित किया। आगे पढ़िये- विवेचना के नाट्य समारोह में नाटक ‘मिथ्यासुर’ पर विशेष रिपोर्ट https://indorestudio.com/vivechana-national-theatre-festival-day-3-mithyasur-play-review/
विवेचना नाट्य समारोह (चौथा दिन): पुराना घर, दो भाई और रिश्तों की ‘क़ीमत’
RELATED ARTICLES

