शकील अख़्तर, इंदौर स्टूडियो। ‘विवेचना ने बड़ी मेहनत से अपने दर्शक बनाए हैं। 32 साल पहले इसकी शुरुआत हुई थी। तब हम साइकिल से घर-घर जाकर टिकट बेचा करते थे। ये नाट्य प्रेमी दर्शक आज हमारी सबसे बड़ी शक्ति हैं।’ ‘विवेचना’, जबलपुर के सचिव हिमांशु राय ने यह बात कही। वे हाल ही में संपन्न हुए ‘विवेचना’ के 32वें राष्ट्रीय नाट्य समारोह को लेकर ‘इंदौर स्टूडियो’ से चर्चा कर रहे थे। उनसे पूछा गया था कि आख़िर ‘विवेचना’ के प्रतिबद्ध दर्शकों का राज़ क्या है? ऐसे सजग दर्शक जो टिकट लेकर नाटक देखते हैं और समूचे रंगजगत के लिए एक मिसाल बन गए हैं।

श्री राय ने कहा, ‘शुरूआत में दर्शक ‘विवेचना’ के मित्र ही हुआ करते थे। भले ही वे ‘विवेचना’ के मित्र हों, लेकिन आरंभ से ही टिकट लेकर नाटक देखने की परंपरा रही। हाँ, शुरुआत में संख्या संतोषजनक नहीं थी, लेकिन धीरे-धीरे हमारे अपने दर्शकों की संख्या बढ़ने लगी। हर साल नए दर्शक बनने लगे और धीरे-धीरे नाटक देखने वालों का एक वर्ग तैयार हो गया।’

आपको बता दें कि इस बार के विवेचना नाट्य समारोह के पाँचों नाटकों को दर्शकों का ज़बरदस्त प्रतिसाद मिला। नाटकों को देखने के लिए मध्यप्रदेश विद्युत मंडल का रामपुर स्थित ‘तरंग’ ऑडिटोरियम दर्शकों से भरा रहा। नाटकों के अलावा ‘तरंग’ परिसर में चित्रकला, नृत्य-संगीत के आयोजन भी हुए। पूर्वरंग का दिलचस्प माहौल बना रहा। दर्शकों के लिए 32वाँ राष्ट्रीय नाट्य समारोह एक बार फिर यादगार उत्सव बन गया। बेशक इस उत्सव के लिए ‘विवेचना’ के समर्पित साथियों की टीम कोई दो महीने पहले से तैयारियों में जुट जाती है।

दर्शकों से जुड़े सवाल पर श्री राय ने आगे कहा, ‘चूँकि ‘विवेचना’ के लिए प्रारंभ से नाटकों का चयन उत्कृष्ट रहा, इसलिए इसका वार्षिक नाट्य समारोह जल्द ही लोगों की चर्चा का विषय बन गया। बैठकों और पार्टियों में इस आयोजन के साथ ही प्रदर्शित नाटकों की चर्चा होने लगी। इतना ही नहीं, नाटक देखने वाले दर्शक, न देखने वालों से श्रेष्ठ प्रमाणित होने लगे। इसमें दो ही बातों का सबसे बड़ा योगदान रहा—पहला आमंत्रित नाटकों की श्रेष्ठता और दूसरा नाट्य समारोह की निरंतरता।’

जबलपुर ‘विवेचना’ के दर्शकों के विषय में हिमांशु जी ने एक और ख़ास बात कही। उन्होंने बताया, ‘विवेचना’ के सदस्य समाज में निरंतर सक्रिय रहते हैं और समाज के हर वर्ग में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। ‘विवेचना’ के दर्शकों में हर वर्ग के लोग हैं। इनमें बड़ी संख्या में डॉक्टर, वकील, प्रशासनिक अधिकारी, न्यायाधीश, व्यापारी, उद्योगपति, पत्रकार, साहित्यकार और रंगकर्मी हैं। अब बड़ी संख्या में सामान्य दर्शक भी सीधे ‘तरंग’ हॉल में आने लगे हैं। इनमें उम्रदराज़ लोगों से लेकर नौजवानों की बड़ी संख्या शामिल है। यानी ‘विवेचना’ के दर्शकों में समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हैं।’

हिमांशु जी कहते हैं-‘विवेचना’ के कितने ही दर्शक ऐसे हैं, जिन्हें हम परिवार की तरह जानते हैं या जिनसे हमारा वर्षों का आत्मीय रिश्ता और सांस्कृतिक जुड़ाव है।’ इस बार आए दर्शकों के बारे में पूछने पर वे तुरंत बताने लगे, ‘इस बार के समारोह में हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुजय पॉल, सीनियर एडवोकेट संजय अग्रवाल, जबलपुर के विधायक व पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, डॉ. एन. के. बंसल, डॉ. पुष्पराज पटेल, डॉ. मानिक पान्से, डॉ. आर. के. अग्रवाल, श्रीमती मनीषा दुबे, विंग कमांडर पंकज कुमार, रॉयल स्कूल के संस्थापक राघवेंद्र सिंह चौहान, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रोहित सिंह कौशल, उद्योगपति सुबोध जैन, कैलाश शुक्ला, आशीष आहूजा, वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती गीता शरत् तिवारी और मध्यप्रदेश विद्युत परिवार के वरिष्ठ अधिकारी सुनील तिवारी व राजीव गुप्ता जैसे लोग दर्शक के रूप में उपस्थित थे।’
उन्होंने कहा, ‘विवेचना’ ने सैकड़ों सामान्य नियमित दर्शक बना लिए हैं। कोई आकर बताता है कि हम पति-पत्नी पंद्रह साल से आ रहे हैं, कोई बीस साल से आ रहा है। ये दर्शक ही ‘विवेचना’ की शक्ति हैं।’
उन्होंने कहा, ‘विवेचना’ ने सैकड़ों सामान्य नियमित दर्शक बना लिए हैं। कोई आकर बताता है कि हम पति-पत्नी पंद्रह साल से आ रहे हैं, कोई बीस साल से आ रहा है। ये दर्शक ही ‘विवेचना’ की शक्ति हैं।’
क्या नाटक प्रस्तुत करने वाले कलाकारों का भी दर्शकों को लेकर कोई अनुभव है? इस सवाल पर हिमांशु जी कहते हैं, ‘जबलपुर में जो भी टीम नाटक लेकर आती है, वह यहाँ के भव्य ऑडिटोरियम और उतने ही भव्य दर्शकों से प्रभावित होती है। मंच पर अभिनेता दर्शकों की शालीन प्रतिक्रिया से उत्साहित होकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुत करते हैं। अभिनेताओं का कहना है कि ‘तरंग’ हॉल में दर्शकों से और मंच से उन्हें एक सकारात्मक ऊर्जा महसूस होती है। इसलिए जबलपुर में आई टीम वापस जाकर कहती है कि जबलपुर के दर्शकों और ‘विवेचना’ की बात ही और है। ‘विवेचना’ के दर्शकों ने सैकड़ों नाटक देखे हैं, इसलिए वे नाटकों के पारखी हो चुके हैं। खूब मन लगाकर नाटक देखा जाता है। जाते समय दर्शक उन्मुक्त रूप से अपनी प्रतिक्रिया भी देते हैं।’ 

राष्ट्रीय नाट्य समारोह की तैयारी के बारे में कला प्रबंधन के इस अनुभवी दिग्गज ने कहा, ‘यह आयोजन ‘विवेचना’ के समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम के कारण संभव हो पाता है। ‘विवेचना’ के नाट्य समारोहों में अवधेश बाजपेई की कला प्रदर्शनी चार चाँद लगा देती है। चिन्टू स्वामी और पल्लव शुक्ला हर नाटक का सेट और ‘तरंग’ ऑडिटोरियम की सजावट देखते हैं, तो अजय धाबर्डे (ए.डी.) रहने-खाने की व्यवस्था, फोटोग्राफी और विविध कार्य देखते हैं। बद्रीश पांडेय, आदित्य रूसिया और शुभम पांडेय रहने-खाने, आवागमन और हॉल की व्यवस्था संभालते हैं। खाना बनाने वाले संतोष हलवाई हर दिन समय से अपनी ज़िम्मेदारी निभाते हैं। क्षितिज राय टिकट काउंटर का उत्तरदायित्व निभाते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘इस बार टीम में कुछ नए साथी जुड़े—चेतन जग्गी, प्रभात त्रिवेदी, प्रीति खरे, पुष्पेंद्र शर्मा, संजय सोनी और बाल कलाकार ईहान बी. तिवारी व एकाक्ष मरवाहा। इनके अलावा ‘बहत्तर मील’ नाटक की टीम पूरे समय जुटी रही। मेरे साथ (हिमांशु राय) बांके बिहारी ब्यौहार (बीबीबी) और मनु तिवारी पूरे आयोजन का संयोजन करते हैं। नाटक के बाहर भी प्रिंटिंग का काम नरेश गुप्ता, कंपोजिंग और डिज़ाइन का काम सतीश नेमा तथा लाइट, साउंड और शामियाने का काम जगदीश यादव के सुपुर्द है। प्रचार-प्रसार और बैनर-बोर्ड का काम सुरेश विश्वकर्मा देखते हैं।
इस बार सोशल मीडिया का काम दीपिका और नूतन ने बख़ूबी संभाला। प्रतिदिन शाम को पूर्वरंग में शैली धोपे, वंदना गुप्ता और नीरजा बोधनकर के नृत्यदल की बच्चियाँ हमेशा आकर अपने प्रदर्शन से मंत्रमुग्ध करती हैं। इस बार सूरन सिंह और उनके साथियों ने अपने गानों और वार्ता से दर्शकों को आह्लादित किया है। ‘विवेचना’ का कारवां इनसे आगे बढ़ता है।’
इस बार सोशल मीडिया का काम दीपिका और नूतन ने बख़ूबी संभाला। प्रतिदिन शाम को पूर्वरंग में शैली धोपे, वंदना गुप्ता और नीरजा बोधनकर के नृत्यदल की बच्चियाँ हमेशा आकर अपने प्रदर्शन से मंत्रमुग्ध करती हैं। इस बार सूरन सिंह और उनके साथियों ने अपने गानों और वार्ता से दर्शकों को आह्लादित किया है। ‘विवेचना’ का कारवां इनसे आगे बढ़ता है।’
हिमांशु जी ने कहा, ‘पिछले तीन दशकों से लगातार जबलपुर में हम यह नाट्य समारोह कर रहे हैं। पिछले बत्तीस सालों में ‘विवेचना’ के नाट्य समारोहों में दर्शकों ने 175 से अधिक चुनिंदा नाटक देखे हैं। इन नाट्य समारोहों में देश के प्रतिष्ठित नाट्य दल, निर्देशकों और अभिनेताओं ने आकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शित किया है। हर विधा के नाटक हुए हैं।
‘विवेचना’ का समारोह विद्युत विभाग के शानदार ‘तरंग’ ऑडिटोरियम में होता है। इसके परिसर में प्रवेश करते ही तबीयत ख़ुश हो जाती है। चारों ओर हरियाली और प्रकृति का श्रृंगार है, तो भवन की वास्तुकला देखकर मन प्रसन्न हो जाता है। हॉल में प्रवेश करते ही भव्य स्टेज और सामने विशाल सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था दिखाई देती है। हॉल में कुल 760 सीटें हैं।’
‘विवेचना’ का समारोह विद्युत विभाग के शानदार ‘तरंग’ ऑडिटोरियम में होता है। इसके परिसर में प्रवेश करते ही तबीयत ख़ुश हो जाती है। चारों ओर हरियाली और प्रकृति का श्रृंगार है, तो भवन की वास्तुकला देखकर मन प्रसन्न हो जाता है। हॉल में प्रवेश करते ही भव्य स्टेज और सामने विशाल सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था दिखाई देती है। हॉल में कुल 760 सीटें हैं।’
उन्होंने कहा, ‘नाट्य समारोह के लिए ‘तरंग’ परिसर को ‘विवेचना’ के साथी सुरुचिपूर्ण तरीके से सजाते हैं। शाम के समय सुंदर लाइटिंग और सजावट से माहौल खुशनुमा हो जाता है। अक्टूबर-नवंबर महीने में ही यह समारोह होता है, तब मौसम में गुलाबी ठंडक रहती है। शाम 7 बजे से दर्शक आना शुरू कर देते हैं। टिकट काउंटर चालू हो जाता है। पुस्तक प्रदर्शनी लग जाती है। एक ओर चित्रकला प्रदर्शनी लगाई जाती है। बाहरी मंच पर जबलपुर के नवोदित कलाकारों के प्रदर्शन शुरू हो जाते हैं। नाटक प्रतिदिन ठीक 7.30 बजे प्रारंभ होते हैं। दर्शक समय से पूर्व पहुँच जाते हैं। यह वह समय होता है जब सब एक-दूसरे से मिलते हैं, नाटकों की चर्चा करते हैं और पिछले समारोहों के नाटकों को याद करते हैं।’ आगे पढ़िये – बेंगलुरू में सीरज सक्सेना की एकल कला प्रदर्शनी की विशेष रिपोर्ट – https://indorestudio.com/siraj-saxena-seen-unseen-exhibition-gallery-time-and-space-bengaluru/
