कला प्रतिनिधि, इंदौर स्टूडियो। बेंगलुरू में सीरज सक्सेना की एकल कला प्रदर्शनी ‘सीन एंड अनसीन’ (Seen and Unseen / Seen Unseen: The Art of Siraj Saxena) जारी है। उनकी यह प्रदर्शनी बेंगलुरु के लावेल रोड पर मौजूद गैलरी टाइम एंड स्पेस (Gallery Time and Space) में लगाई गई है। 14 नवंबर से शुरू हुई इल प्रदर्शनी को 30 नवंबर 2026 की शाम तक देखा जा सकता है। समकालीन भारतीय कला जगत के अमूर्त चित्रकार एवं सिरेमिक आर्टिस्ट सीरज की इस प्रदर्शनी में कुल 28 कृतियां प्रदर्शित की गई हैं। उनके विविध माध्यमों में किये गये कामों को लेकर बेंगलुरू के कला जगत में ख़ासी चर्चा है। कला समीक्षकों ने भी उनके काम की प्रशंसा की है।
प्रदर्शनी का औपचारिक शुभारंभ 14 नवंबर की शाम प्रसिद्ध फिल्मकार लेस्ली कार्वाल्हो (Filmmaker Leslie Carvalho) ने किया। जबकि नई दिल्ली से प्रकाशित कला पत्रिका ‘आर्ट न्यूज़ इंडिया’ (ARTNEWSINDIA) के दिसंबर 2026 अंक (पृष्ठ 48–49) में डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज का इस प्रदर्शनी को लेकर एक विशेष आलेख भी प्रकाशित हुआ है।
डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज के आलेख के अनुसार, सीरज सक्सेना अपने सृजन में कैनवस, मिट्टी (सिरेमिक), कागज, कपड़ा, चमड़ा और कढ़ाई जैसे विविध माध्यमों के साथ निरंतर प्रयोग करते हैं। प्रत्येक माध्यम का अपना स्वभाव होता है, लेकिन सीरज के हाथों में आकर माध्यम जैसे एक कठपुतली की तरह उनकी संवेदना और कल्पना के अनुरूप रूपांतरित हो उठता है।
उनके कैनवस विशाल खुले मैदानों की तरह खुलते हैं, जहाँ मान चित्रों, शहरी दृश्यों (सिटी स्केप), पहाड़ों और वास्तविक संसार के अंश उभरते और विलीन होते दिखाई देते हैं। यही बिम्ब उनकी सिरेमिक कृतियों में भी झलकते हैं। बिंदुओं, रेखाओं और पारदर्शी रंगों की परतों से वे ऐसा दृश्य-जादू रचते हैं, जो स्मृतियों, संवेदनाओं और जीवन के शांत चमत्कारों को जगाता है। संयत रंग-पट (अंडरस्टेटेड पैलेट) के माध्यम से सीरज ऐसी छवियाँ गढ़ते हैं जो उपस्थिति और अनुपस्थिति, प्रकट और गुप्त के बीच ठहरी लगती हैं—दर्शक को यह आमंत्रण देते हुए कि वह प्रत्यक्ष से आगे बढ़कर बोध की सतह के नीचे छिपे संसार को देखे।
चमड़े पर प्रयोग और 28 कृतियों का संयोजन: ‘सीन अनसीन की इस प्रदर्शनी में 28 पेंटिंग्स, सिरेमिक कृतियों और स्टिच्ड लेदर (सिला हुआ चमड़ा) कोलाज का संगम देखने को मिल रहा है। इनमें एक्रेलिक ऑन कैनवास: 11 अमूर्त कृतियाँ (36″×36″ से 36″×60″ तक)। मिक्स्ड मीडिया ऑन वुडन बोर्ड: 4 कलाकृतियाँ (12″×12″)। स्टिच्ड लेदर: विभिन्न रंगों और बनावट के चमड़े को सिलकर तैयार की गई 9 रचनाएँ (13″×13″ और 36″×36″)। सिरेमिक्स: 4 स्थापत्य एवं अमूर्त सिरेमिक कृतियाँ।
समीक्षकों और क्यूरेटरों के विचार: वरिष्ठ कवि एवं कला समीक्षक अशोक वाजपेयी के अनुसार, चमड़े की भौतिकता कला की वास्तविकता को सहजता से आत्मसात कर एक दीप्तिमान और इंद्रियगोचर सौंदर्य रचती है, जो बिना किसी स्थूल आकृति (फिगरेशन) के आकार लेता है। उन्होंने सर्बियाई कवि वास्को पोपा की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विखंडित और क्रूरता से घिरे आज के समय में सीरज की कला शांति और चिंतन की ओर ले जाने वाली सकारात्मक कला है, जो “अँधेरे को चमकना सिखाने” का प्रयास करती है।
लातविया स्थित मार्क रोथको आर्ट सेंटर की प्रदर्शनी क्यूरेटर फरीदा ज़लेटिलो (Farida Zaletilo) ने सीरज की कला को चित्रकला और ध्यान (मेडिटेशन) के बीच का सेतु बताया है, जहाँ रंगों की महीन पारदर्शी परतें दर्शक को सतह से अथाह गहराई की यात्रा कराती हैं।
सीरज सक्सेना की कला यात्रा: इंदौर से अंतरराष्ट्रीय फलक तक: इंदौर के इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स से ललित कला में स्नातक (BFA, 1997) सीरज सक्सेना वर्ष 2000 में दिल्ली आए और वर्तमान में खुर्जा तथा मुंबई में रहकर कार्य कर रहे हैं। वे भारत सहित पोलैंड, सर्बिया, लंदन, लिथुआनिया, नेपाल, स्पेन और ताइवान में 27 एकल प्रदर्शनियाँ और दुनिया भर में 250 से अधिक समूह प्रदर्शनियाँ कर चुके हैं।
वर्ष 2009 से वे देहरादून स्थित ‘सिक्स सेंसेस वना’ (Six Senses Vana) में विजुअल आर्टिस्ट के रूप में जुड़े हैं, जहाँ उनकी 500 से अधिक कलाकृतियाँ संग्रहीत हैं। यात्रा-वृत्तांत लेखन (5 पुस्तकें) और साइकिलिंग (गाजियाबाद के ‘बाइसिकल मेयर’) के प्रति भी उनका गहरा जुड़ाव है। उनकी कृतियों में प्रकृति का ‘बर्ड्स-आई व्यू’, अहिंसा, सत्य और प्रेम प्रमुख रूप से उभरते हैं। आगे पढ़िये – ऑस्कर के लिये चुनी गई फ़िल्म ‘गोंधल’ क्यों है इतनी ख़ास? https://indorestudio.com/gondhal-oscars-2027-official-entry/
बेंगलुरु में सीरज सक्सेना की एकल कला प्रदर्शनी जारी
RELATED ARTICLES

