सुभाष अरोरा, इंदौर स्टूडियो। लखनऊ में डॉ. अजय कुमार की एकल मूर्ति कला प्रदर्शनी ‘अनादि’ का 22 नवंबर की शाम, कला गुरु प्रोफेसर पी. राजीव नयन ने शुभारंभ किया। इस कला प्रदर्शनी में अनादि मूलक प्रकृति के तत्व जड़ और जीव का अनूठा मेल दिखाई देता है। यह प्रदर्शनी मदनमोहन मालवीय मार्ग पर मौजूद कोकोरो आर्ट गैलरी में लगाई है। कला प्रदर्शनी 19 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रहेगी। प्रदर्शनी को प्रख्यात कला मर्मज्ञ डॉ वंदना सहगल ने क्यूरेट किया है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. अजय कुमार ने ग्वालियर के राजा मानसिंह संगीत एवं कला विश्वविद्यालय से मूर्ति कला की अपनी पढ़ाई प्रारंभ की थी। उन दिनों मैं वहां मूर्ति कला में एडवांस डिप्लोमा कर रहा था। बाद में मैं उनसे लखनऊ में भी मिला ,जहां वह मूर्तिकला में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे थे। निर्वाण यूनिवर्सिटी जयपुर से पीएचडी करने के बाद वे लखनऊ कला महाविद्यालय में अध्यापक हैं। प्राचीन भारतीय डोकरा कला में प्रवीणता अर्जित कर अब वह इसी पद्धति से कांस्य ढलाई में टेराकोटा, सेरेमिक और पत्थर आदि का संयोजन कर विशिष्ट शिल्प सर्जना करते हैं। उनकी कलाकृतियां शिव, शक्ति,जीव और जड़ के अनादि रिश्तों को साकार करती प्रतीत होती हैं। डॉ. अजय कुमार अपनी सूक्ष्म कला दृष्टि से जड़ चेतन और अनादि माया से कला संचार समृद्ध करने में निरन्तर जुटे हैं। आगे पढ़िये – बेंगलुरू में सीरज सक्सेना की एकल कला प्रदर्शनी जारी – https://indorestudio.com/siraj-saxena-seen-unseen-exhibition-gallery-time-and-space-bengaluru/

